Doctor Murder Case:कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इस हड़ताल के कारण दिल्ली के सभी प्रमुख सरकारी अस्पतालों जैसे एम्स, सफदरजंग, आरएमएल, लोकनायक, और जीबी पंत में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर ओपीडी, नियमित सर्जरी और अन्य चिकित्सा सुविधाएं शुक्रवार को भी प्रभावित रहेंगी।
हड़ताल पर जाने का फैसला किया
फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) ने पहले हड़ताल वापस लेने की घोषणा की थी, लेकिन कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए हमले और तोड़फोड़ की घटनाओं ने डॉक्टरों का गुस्सा और बढ़ा दिया। इसके चलते फोर्डा ने हड़ताल वापसी के फैसले को पलटते हुए एक बार फिर हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। इसके साथ ही, उन्होंने शुक्रवार शाम छह बजे इंडिया गेट के पास कैंडल मार्च आयोजित करने का भी ऐलान किया है।
दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर करेंगे प्रदर्शन
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (एफएआइएमए) ने शनिवार को शाम पांच बजे लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज (एलएचएमसी) से जंतर मंतर तक कैंडल मार्च की घोषणा की है, जिसमें दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर शामिल होंगे। दोनों संगठनों ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) व दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (डीएमए) से भी इस कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है।
निजी अस्पतालों में भी हड़ताल घोषित करने की सिफारिश की
इस वजह से निजी अस्पतालों के डॉक्टर भी इसमें शामिल हो सकते हैं। डीएमए ने आइएमए के अध्यक्ष डा. आरवी अशोकन से निजी अस्पतालों में भी हड़ताल घोषित करने की सिफारिश की। इसके बाद आइएमए ने सभी राज्यों की अपनी शाखाओं के पदाधिकारियों के साथ गुरुवार शाम वर्चुअल मीटिंग कर शनिवार को देश भर के सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी हड़ताल करने का फैसला लिया है। इसलिए शनिवार को सुबह छह बजे से निजी अस्पतालों में भी डॉक्टर 24 घंटे के लिए हड़ताल पर रहेंगे।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए
रेजिडेंट डॉक्टरों के संगठनों ने कहा है कि बंगाल सरकार डाक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। एम्स आरडीए के अध्यक्ष डा. इंद्र शेखर प्रसाद ने कहा कि आरजी कर अस्पताल में घुसकर डाक्टरों, नर्स व अन्य कर्मचारियों पर हमला किया गया, जो स्वीकार्य नहीं है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सुबह मनाया स्वतंत्रता दिवस, शाम को किया प्रदर्शन
गुरुवार सुबह एम्स सहित सभी अस्पतालों में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया, जिसमें रेजिडेंट डाक्टरों ने भी हिस्सा लिया। बाद में शाम को एम्स में रेजिडेंट डाक्टरों ने कैंडल मार्च निकाला। इसके बाद एम्स के गेट नंबर एक के बाहर अरविंदो मार्ग पर प्रदर्शन किया।
