Sachin Tendulkar: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रनों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं, बशर्ते रूट की रनों की भूख और रन बनाने की निरंतरता अगले चार साल तक बरकरार रहे।
क्रिकेट में 12,000 रन का आंकड़ा पार किया
जो रूट ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में 12,000 रन का आंकड़ा पार किया है, जिससे वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले सातवें बल्लेबाज बन गए हैं। रूट ने अब तक 143 टेस्ट मैचों में 12,027 रन बनाए हैं, जबकि तेंदुलकर के नाम 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन दर्ज हैं।
“रूट यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं”
पोंटिंग ने 168 टेस्ट में 13378 रन बनाए हैं और वह सूची में दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू में कहा, ”रूट यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। वह 33 वर्ष के हैं और 3000 रन ही पीछे हैं। देखना है कि वह कितने टेस्ट खेलते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, ”अगर जो रूट साल में 10 से 14 टेस्ट खेलते हैं और प्रतिवर्ष 800 से 1000 रन बनाते हैं तो तीन-चार सालों में वहां तक पहुंच सकते हैं। अगर इंग्लिश बल्लेबाज की रनों की भूख बरकरार रहती है तो वह सचिन तेंदुलकर के महा रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।”
