National Highway 44: रामबन पुल बनकर तैयार… जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर सुगम यातायात में एक और बाधा पार

जम्मू-श्रीनगर (राष्ट्रीय राजमार्ग-44) पर सुगम यातायात की दिशा में एक और बाधा दूर कर ली गई है। 328 करोड़ रुपये की लागत से 1.08 किलोमीटर लंबा पर रामबन पुल को तैयार कर लिया गया है। फोरलेन यातायात के लिए पुल को शीघ्र खोल दिया जाएगा। यह जानकारी सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के जरिए केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को दी। उन्होंने पुल की तस्वीरें भी पोस्ट की हैं।

फोरलेन पुल पर यातायात शुरू होने से रामबन के स्थानीय बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलने के साथ कश्मीर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि अमरनाथ यात्रा के दौरान टू लेन यातायात शुरू कर दिया गया था।

पोस्ट पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि रामबन में यह असाधारण पुल 26 स्पैन से बना है और इसके संरचनात्मक डिजाइन में कंक्रीट और स्टील गर्डर्स के संयोजन का उपयोग किया गया है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले वाहनों की गति बढ़ाने के साथ उनकी समय की बचत करेगा।

पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व से मिला उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा

नितिन गडकरी ने लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर को उत्कृष्ट राजमार्ग बुनियादी ढांचा प्रदान किया जा रहा है। यह स्मारकीय उपलब्धि न केवल क्षेत्रीय आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देती है, बल्कि एक शीर्ष स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में इसके आकर्षण को भी बढ़ाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *