झारखंड चुनाव 2024: हेमंत सोरेन की बड़ी घोषणा, हर परिवार को मिलेंगे एक लाख रुपये

Jharkhand Politics: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के बाद राज्य में फिर से अपनी सरकार बनने पर हर परिवार को एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने इसके लिए एक विस्तृत फॉर्मूला तैयार कर लिया है, जिसका खुलासा उचित समय पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह बड़ी घोषणा

गुरुवार को जमशेदपुर के उलियान में झामुमो के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे निर्मल महतो के 37वें शहादत दिवस समारोह में की। उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य के विकास और जनता के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। हेमंत सोरेन ने जनता से अपील की कि वे सरकार के इस वादे पर भरोसा करें और झारखंड के उज्जवल भविष्य के लिए झामुमो को फिर से सत्ता में लाने का संकल्प लें।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा को आगामी चुनावों में एक प्रमुख वादे के रूप में देखा जा रहा है, जिससे राज्य की राजनीति में नई चर्चा छिड़ गई है।

भाजपा पर बोला हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा खुद को देश की सबसे बड़ी पार्टी बताती है, लेकिन ये सबसे बड़ी षडयंत्रकारी पार्टी है, जो अलग-अलग राज्यों में विधायकों की खरीद-फरोख्त कर वहां की सरकार गिराने का काम करती है। जो इनकी बात नहीं मानते हैं उन्हें षडयंत्र कर जेल भेज देते हैं, लेकिन न्याय के मंदिर में अंधेर नहीं है।

पांच माह तक जेल में रखने के बावजूद कोर्ट ने मुझे जमानत दे दी। इस मौके पर मंत्री चंपई सोरेन, बन्ना गुप्ता, विधायक समीर महंती, मंगल कालिंदी, रामदास सोरेन, सविता महतो सहित झामुमो के कई केंद्रीय नेता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *