Olympics Wrestling: भारतीय पहलवान अमन सेहरावत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। गुरुवार, 8 अगस्त को चैंप-डे-मार्स एरिना मैट ए में आयोजित क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अमन ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर अल्बानिया के पहलवान अबकारोव को 12-0 से हराया।
सेमीफाइनल में अमन का सामना जापान के री हिगुची से होगा
अमन सेहरावत का अगला मुकाबला सेमीफाइनल में जापान के शीर्ष वरीयता प्राप्त पहलवान री हिगुची से होगा, जिन्होंने दूसरे क्वार्टर फाइनल में प्यूर्टो रिको के डेरियन टोई क्रूज को हराया था। अमन की इस जीत ने उन्हें पेरिस ओलंपिक में कुश्ती के मेन्स 57 किग्रा स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचाया है, जहां उनकी अगली चुनौती कठिन होगी।
अमन ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
अमन अब ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतने से एक जीत दूर हैं। अमन ने दिन की शुरुआत शानदार तरीके से की। उन्होंने नॉर्थ मैसेडोनिया के व्लादिमीर एगोरोव को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 10-0 से हराया। पेरिस में भारत के छह सदस्यीय कुश्ती दल में अमन एकमात्र पहलवान बचे हुए हैं। इससे पहले दिन में भारत की अंशु मलिक महिलाओं की 57 किग्रा स्पर्धा में अमेरिका की हेलेन लुईस मारौलिस से राउंड ऑफ 16 में हार गईं।
