Ayodhya: शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मोईद खान की बेकरी पर बुलडोजर चलाया गया। यह बेकरी सरकारी भूमि और एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके बनाई गई थी। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी सोहावल, अशोक कुमार की जांच में इस अवैध कब्जे की जानकारी सामने आई। जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह और एसएसपी राज करन नय्यर ने पूरी कार्रवाई की निगरानी की और पल-पल की जानकारी प्राप्त करते रहे।
सोमवार को इस मामले का खुलासा हुआ
यह कार्रवाई किशोरी से दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सपा नेता मोईद खान से जुड़ी है। गत सोमवार को इस मामले का खुलासा हुआ था, जिसमें आरोप है कि मोईद खान और उसका सहयोगी राजू पिछले ढाई महीनों से एक हिंदू किशोरी का दुष्कर्म कर रहे थे। किशोरी की गर्भवती होने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ। पूराकलंदर थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
पीड़िता की मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात
शुक्रवार को बीकापुर विधायक अमित सिंह के साथ पीड़िता की मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मामले में प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मुलाकात के बाद थानाध्यक्ष रतन शर्मा और भदरसा चौकी प्रभारी अखिलेश गुप्ता को निलंबित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया था।
राजस्व टीम ने आरोपी मोईद खान की बेकरी की जांच की
सीएम के आश्वासन के बाद शुक्रवार को राजस्व टीम ने आरोपी मोईद खान की बेकरी की जांच की, जिसमें अवैध कब्जा पाया गया। आरोप है कि इसी बेकरी में किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी अश्लील वीडियो बनाई गई, जिसका उपयोग किशोरी का भयादोहन करने के लिए किया गया था।
परिवार को सुलह के लिए धमकाया
इस मामले में एक अन्य प्राथमिकी भी दर्ज की गई है, जिसमें सपा नेता और भदरसा नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद रशीद और जय सिंह राणा को आरोपी बनाया गया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने महिला अस्पताल में जाकर पीड़िता और उसके परिवार को सुलह के लिए धमकाया था। यह कदम उन आरोपियों पर दबाव बनाने के लिए उठाया गया है जो मामले में हस्तक्षेप कर रहे थे।
