कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर जाति के मुद्दे को लेकर कसा तंज

Kangana Ranaut: एक्ट्रेस से सांसद बनीं कंगना रनौत अपनी तीखी बयानबाजी के लिए हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में मंडी से सांसद चुनी गईं कंगना ने एक बार फिर पॉलिटिकल मुद्दों पर अपनी राय दी है, जिसमें उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जाति के मुद्दे को लेकर कटाक्ष किया है।

कंगना रनौत ने राहुल गांधी द्वारा लोकसभा में जाति पर किए गए सवाल पर तंज कसते हुए अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया। राहुल गांधी ने हाल ही में दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने उन्हें लोकसभा में गाली दी और बेइज्जत किया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए, कंगना ने राहुल गांधी के पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें राहुल गांधी लोगों से जाति के बारे में पूछते हुए नजर आ रहे हैं।

कंगना ने इस वीडियो के साथ अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा, “अपनी जात का कुछ पता नहीं, नानू मुस्लिम, दादी पारसी, मम्मी क्रिश्चन और खुद ऐसा लगता है जैसे पास्ता को करी पत्ते का तड़का लगाकर खिचड़ी बनाने की कोशिश की हो। इनको सबकी जात पता करनी है।” कंगना यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे लिखा, “वह सरेआम लोगों से उनकी जाति कैसे पूछ सकते हैं? राहुल गांधी पर शर्म आती है।”

इससे पहले, राहुल गांधी ने मंगलवार को अनुराग ठाकुर पर आरोप लगाया था कि उन्होंने यूनियन बजट सेशन के दौरान उन्हें गाली दी और बेइज्जत किया। अनुराग ठाकुर ने इस पर जवाब देते हुए कहा था, “जिनकी खुद की जाति का पता नहीं वे जाति जनगणना की बात कर रहे हैं।” हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था।

कंगना रनौत इस साल लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद बनी हैं। हाल ही में उन्होंने संसद में अपना पहला भाषण भी दिया था, जिसमें उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *