Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के सागर जिले में शुक्रवार, 26 जुलाई को एक दुखद हादसा हुआ, जब जनरल कोच के एक डिब्बे में गर्म चाय गिरने से मची अफरा-तफरी के बीच दो यात्रियों की जान चली गई। जीआरपी निरीक्षक बबीता कठेरिया ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 6.30 बजे सागर और बीना स्टेशन के बीच हुई।
घटना का कारण
घटना के समय एक चाय बेचने वाले व्यक्ति ने गलती से खचाखच भरी ट्रेन के डिब्बे के फर्श पर बैठे यात्रियों पर उबलती हुई गर्म चाय गिरा दी। इसके कारण वहां भगदड़ मच गई। निरीक्षक ने बताया कि दरवाजे पर बैठे दो लोग शायद डर गए और चलती ट्रेन से कूद गए, जिसके कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। इस हादसे में चाय गिरने से तीन अन्य यात्री भी झुलस गए।
आरोपी से पूछताछ
पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, बबीता कठेरिया ने बताया कि चाय वाले से पूछताछ की जा रही है। बनगढ़ थाने के निरीक्षक सत्येंद्र भदौरिया ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान जसवंत के रूप में हुई है, जो गोरखपुर से ट्रेन में चढ़ा था और पुणे जा रहा था। दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है, लेकिन उसकी उम्र 25-30 साल के बीच मानी जा रही है।
आरोपी वेंडर की पहचान
पुलिस ने बताया कि आरोपी वेंडर डबरा का रहने वाला है और झांसी स्टेशन से ट्रेन में चाय बेचने के लिए चढ़ा था। ट्रेन के स्लीपर कोच में चाय बेचने के बाद जब ट्रेन मोहासा रेलवे स्टेशन पर खड़ी हुई तो आरोपी स्लीपर कोच से उतरकर जनरल डिब्बों में चला गया और वहां पर यह घटना हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
वेंडर्स की ट्रेन में उपस्थिति के संबंध में गंभीर सवाल खड़े कर दिए
इस दुखद घटना ने यात्रियों की सुरक्षा और वेंडर्स की ट्रेन में उपस्थिति के संबंध में गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेल प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों को इस घटना से सबक लेकर भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के उपाय करने होंगे।
