Paris Paralympics 2024:पेरिस पेरालंपिक 2024 की भव्य शुरुआत के साथ, भारतीय दल ने भी उद्घाटन समारोह में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। यह पेरालंपिक खेलों का अब तक का सबसे बड़ा भारत का दल है, जिसमें 84 सदस्य शामिल हैं, जो 12 खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।उद्घाटन समारोह पेरिस के प्रमुख स्थलों, प्लेस डे ला कॉनकॉर्ड और चैंप्स-एलिसीस पर आयोजित हुआ। भारत की ध्वजवाहक भूमिका निभाते हुए सुमित अंतिल और भाग्यश्री जाधव ने तिरंगे को गर्व के साथ लहराया, और भारतीय दल ने समारोह में शानदार एंट्री की, जिससे दर्शकों में रोमांच और उत्साह भर गया।
उद्घाटन समारोह में 167 देशों की भागीदारी
भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने बताया कि उद्घाटन समारोह में 167 देशों की परेड में भारत के 106 सदस्य शामिल हुए, जिनमें 52 खिलाड़ी और 54 अधिकारी शामिल थे। हालांकि, 32 खिलाड़ियों ने स्पर्धाओं के कारण उद्घाटन समारोह में भाग नहीं लिया।पेरिस पेरालंपिक 2024 की यह भव्य शुरुआत खेलों के प्रति वैश्विक उत्साह और एकता का प्रतीक है।
भारतीय दल से रिकॉर्ड पदक लाने की रहेगी उम्मीद
भारत ने 2021 में टोक्यो पैरालंपिक में पांच स्वर्ण सहित रिकॉर्ड 19 पदक जीते थे और वह समग्र रैंकिंग में 24वें स्थान पर रहा था। इसके तीन साल बाद भारत का लक्ष्य स्वर्ण पदकों की संख्या दोहरे अंक में पहुंचाने और कुल 25 से अधिक पदक जीतना है। भारत इस बार 12 खेलों में भाग ले रहा है, जबकि टोक्यो में 54 सदस्यीय टीम ने नौ खेलों में भाग लिया था।
