Gujarat Rain Latest News: पिछले तीन दिनों से गुजरात में हो रही मूसलधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है और निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राज्य की सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 300 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।गुजरात सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना की छह टुकड़ियां तैनात की हैं, जो देवभूमि द्वारका, आणंद, वडोदरा, खेड़ा, मोरबी, और राजकोट जिलों में काम कर रही हैं। इसके अलावा, आपदा प्रबंधन प्रयासों में एनडीआरएफ की 14 प्लाटून और एसडीआरएफ की 22 टुकड़ियां भी शामिल हैं।
दीवार गिरने और पेड़ गिरने की घटनाएं
गांधीनगर, खेड़ा और वडोदरा जिलों में दीवार गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आणंद में एक व्यक्ति की पेड़ गिरने से मौत हो गई और दो अन्य डूब गए।वडोदरा और पंचमहल जिलों में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में 12,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। वडोदरा में 8,361 और पंचमहल में 4,000 लोगों को स्थानांतरित किया गया है।
भारी बारिश की भविष्यवाणी
IMD के अनुसार, गुजरात में भारी बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहेगा। पंचमहल, नवसारी, वलसाड, वडोदरा, भरूच, खेड़ा, गांधीनगर, बोटाद और अरावली जिलों में नदियों और बांधों में जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ की स्थिति है। पिछले 24 घंटे में गुजरात में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी है।
17 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुजरात और कर्नाटक में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है, जबकि मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, असम, ओडिशा, मेघालय, तेलंगाना, नगालैंड, हिमाचल प्रदेश, केरल और पंजाब में भारी बारिश की संभावना है। इसके अतिरिक्त, जम्मू-कश्मीर, पुडुचेरी और अंडमान निकोबार में भी तीव्र बारिश हो सकती है।
