Kolkata Doctor Murder Case:फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोरडा) ने कोलकाता में एक प्रशिक्षु चिकित्सक के बलात्कार और हत्या के विरोध में गुरुवार को अपने प्रदर्शन को जारी रखने का एलान किया है। फोरडा के इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों पर होने वाले हमलों के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग करना है।
प्रदर्शन जारी रहेगा
हालांकि, स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक नया कानून लाने का आश्वासन दिया था। इस आश्वासन के बाद संघ ने अपनी हड़ताल वापस ले ली थी, लेकिन चिकित्सकों ने मंत्रालय के इस आश्वासन की आलोचना की है। उन्होंने इसे अपर्याप्त बताते हुए कहा कि केवल मौखिक आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं हो सकता। इसी कारण फोरडा ने पुनः विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
फोरडा का कहना है कि जब तक चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने की थी सदस्यों से मुलाकात
फोरडा के सदस्यों ने मंगलवार रात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा से मुलाकात की और अपनी मांगों के संबंध में उन्हें एक पत्र सौंपा, जिसमें चिकित्साकर्मियों पर हमलों को रोकने के लिए कानून बनाने सहित कई मांगें शामिल थीं।
फोरडा ने एक बयान में कहा, ‘हम स्वीकार करते हैं कि मंत्रालय के आश्वासन के आधार पर हड़ताल वापस लेने के हमारे निर्णय से चिकित्सक समुदाय में नाराजगी है। हम इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं और इसके कारण हुए असंतोष को समझते हैं।’ इसमें कहा गया है कि संस्था के सदस्य कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई दुखद घटना के विरोध में हड़ताल जारी रहेगी।
