Congress on Adani Issueकांग्रेस ने अदाणी मामले पर केंद्र सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। इस मामले में कांग्रेस ने इसे संसद से सड़क तक ले जाने की योजना बनाई है और देशभर में प्रदर्शन का एलान किया है।
दरअसल, हिंडनबर्ग ने हाल ही में सेबी प्रमुख माधबी पुरी बुच को लेकर एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसके बाद केंद्र सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई है। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वेणुगोपाल ने घोषणा की कि कांग्रेस 22 अगस्त को देशभर में प्रदर्शन करेगी।
देश के लोगों में नाराजगी
कांग्रेस ने इस मामले में सेबी प्रमुख के इस्तीफे की मांग की है और साथ ही संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) द्वारा इस मामले की जांच कराने की भी मांग रखी है। कांग्रेस का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर देश के लोगों में नाराजगी है और पार्टी इसके खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
जेपीसी जांच
कांग्रेस के इस प्रदर्शन का उद्देश्य अदाणी मुद्दे पर सरकार की जवाबदेही तय करना और जनता के सामने सच लाना है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार इस मामले में जनता को धोखा दे रही है और जेपीसी जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आनी चाहिए।
राहुल गांधी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
वहीं, इस मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी पीसी करने वाले हैं। राहुल ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि हमें इस पर गहराई से चर्चा करनी होगी। मैं जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा।
