Weather Updates:देश के विभिन्न हिस्सों में इस समय बारिश का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। दिल्ली में बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली NCR में आज बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश संभव है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र में बारिश ने गंभीर स्थिति उत्पन्न कर दी है। मौसम विभाग ने पालघर, सतारा और पुणे जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जबकि रायगढ़, सिंधुदुर्ग, मुंबई, ठाणे और नासिक के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। IMD के अनुसार, पालघर में आज भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
यूपी में बरसेंगे बादल, बिहार में भी मौसम होगा सुहावना
आईएमडी ने बताया है कि पूर्वी यूपी में सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी समेत इसके आस-पास के इलाकों में बारिश होने वाली है. पश्चिमी यूपी के बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा जैसे जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. बिहार के 9 जिलों के लिए आंधी और आकाशीय बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी हुआ है. बेगूसराय, भागलपुर, गया, जमुई, जहानाबाद, कैमूर, कटिहार जैसे जिलों में बारिश होगी
दिल्ली
दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई और शहर का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी ने रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तराखंड
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के वर्षा प्रभावित पैदल मार्ग पर फंसे श्रद्धालुओं को निकालने का अभियान जारी है. करीब 1300 तीर्थयात्री केदारनाथ, भीमबली और गौरीकुंड में फंसे हैं लेकिन सुरक्षित हैं. केदारनाथ यात्रा फिलहाल कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दी गयी है. रुद्रप्रयाग प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से मलबे हटाये जाने और सड़क की मरम्मत किये जाने तक इंतजार करने का आह्वान किया है.
