Bangladesh में प्रमुख सोशल मीडिया ऐप्स पर अस्थायी प्रतिबंध

Bangladesh: बांग्लादेश की शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार ने हाल ही में देशभर में प्रमुख सोशल मीडिया ऐप्स पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले के तहत इंस्टाग्राम, टिकटॉक, व्हाट्सएप और यूट्यूब जैसे प्रमुख ऐप्स को बंद कर दिया गया है, जो कि पूरे देश में व्यापक रूप से उपयोग किए जाते हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब बांग्लादेश में आरक्षण के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन एक बार फिर भड़क उठे हैं। शुक्रवार को हुए प्रदर्शनों में हिंसा की कई घटनाएं सामने आईं हैं, जिसमें दो लोगों की मौत और लगभग 100 लोग घायल हुए हैं। ढाका में हजारों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया।

बांग्लादेश सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया

सोशल मीडिया साइट्स पर बैन को लेकर बांग्लादेश सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। टाइम्स ऑफ इंडिया और ग्लोबल आइज़ न्यूज ने इस बैन की जानकारी दी है। रिपोर्टों के अनुसार, बांग्लादेशी सरकार ने अपने नागरिकों को इंस्टाग्राम, टिकटॉक, यूट्यूब और व्हाट्सएप जैसे लोकप्रिय सोशल मीडिया ऐप्स का उपयोग करने से रोक दिया है। ग्लोबल आइज़ न्यूज ने सबसे पहले अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से इस बैन के बारे में जानकारी दी।

पिछले महीने भी लगा था प्रतिबंध

पिछले महीने, जुलाई में भी बांग्लादेश में सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर प्रतिबंध लगाया गया था। आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों के बाद कर्फ्यू लागू किया गया था और इसी दौरान इंस्टाग्राम और फेसबुक को भी सस्पेंड कर दिया गया था। हिंसक प्रदर्शनों के बाद, सुप्रीम कोर्ट ने आरक्षण कोटे पर फैसला सुनाया था, जिससे स्थिति शांत हुई थी, लेकिन अब फिर से विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं।

वर्तमान हिंसा में मारे गए लोगों के लिए न्याय की मांग करते हुए छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। ढाका में कई जगहों पर छात्रों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव हुआ। सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *